सहायता
Corporate Insight

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

कोई लेख उपलब्ध नहीं है।

डॉ. अनुराधा दुबे: कथक, अभिनय और संस्कृति का सफर
दो बातें

डॉ. अनुराधा दुबे: कथक, अभिनय और संस्कृति का सफर

लेखक गुरबीर सिंह चावला · Oct 14, 2026 · 57 बार देखा गया
संक्षिप्त सार

डॉ. अनुराधा दुबे, अंतर्राष्ट्रीय कथक आर्टिस्ट, अभिनेत्री एवं एंकर, अपनी बहुआयामी कला यात्रा के माध्यम से भारतीय संस्कृति और छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों तक पहुंचा रही हैं। इस विशेष बातचीत में वे कथक, अभिनय, मंच संचालन और पर्यटन जनसम्पर्क से जुड़े अपने अनुभव साझा करती हैं। चीन और अमेरिका में कथक प्रस्तुतियों से लेकर ‘भूलन द मेज़’ और ‘चमन बहार’ जैसी फिल्मों तक, उनका सफर साधना, अभिव्यक्ति और निरंतर सीखने की प्रेरक कहानी है। वे महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवा कलाकारों के मार्गदर्शन के महत्व पर भी अपने विचार रखती हैं। बस्तर और सिरपुर के सांस्कृतिक वैभव के प्रति उनका लगाव छत्तीसगढ़ की विरासत को संजोने और दुनिया तक पहुंचाने के उनके संकल्प को दर्शाता है।


डॉ. अनुराधा दुबे

अंतर्राष्ट्रीय कथक आर्टिस्ट, अभिनेत्री एवं एंकर

रायपुर, छत्तीसगढ़

दो बातें जिनसे आपको कथक आर्टिस्ट बनने की प्रेरणा मिली?

➤ पहली—कथक की खूबसूरती, और दूसरी—उसमें समाई भारतीय संस्कृति और कथात्मकता।

➤ कथक ने मुझे सिर्फ नृत्य करना नहीं सिखाया, बल्कि भावों को शब्दों के बिना व्यक्त करना सिखाया। जब मैंने महसूस किया कि घुंघरुओं की आवाज़, मुद्राओं और आंखों के भावों से भी एक पूरी कहानी कही जा सकती है, तब कथक मेरे लिए कला से बढ़कर जीवन की अभिव्यक्ति बन गया।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की जनसम्पर्क अधिकारी के पद पर आपकी दो सर्वाधिक महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं?

➤ मेरी पहली प्राथमिकता है—छत्तीसगढ़ की सही, सकारात्मक और प्रभावशाली कहानी को देश-दुनिया तक पहुंचाना।

➤ दूसरी—पर्यटन को केवल प्रचार का विषय न मानकर अनुभव, संस्कृति और स्थानीय लोगों के अवसरों से जोड़ना। मैं चाहती हूं कि जब कोई पर्यटक छत्तीसगढ़ आए तो वह केवल हमारे झरने, जंगल और विरासत देखकर वापस न जाए, बल्कि यहां की संस्कृति, सादगी और आत्मीयता को महसूस करके जाए।

मंच संचालन के करियर में सफल होने तक के सफर में ऐसी दो चुनौतियां जिन्होंने आपको परखा?

➤ पहली चुनौती थी—हर नए मंच पर खुद को फिर से साबित करना। बड़े मंच पर बड़े व्यक्तित्वों और हजारों दर्शकों के सामने खड़े होना जितना सम्मान देता है, उतनी ही जिम्मेदारी भी।

➤ दूसरी चुनौती थी—अपनी आवाज़ की शैली को अपनी पहचान बनाना। मैंने धीरे-धीरे समझा कि एक सफल एंकर सिर्फ अच्छा बोलने वाला व्यक्ति नहीं होता, वह परिस्थिति को समझता है, मंच की गरिमा बनाए रखता है और दर्शकों की नब्ज़ को महसूस करता है।

दो विशेषताएं जो एक सफल कथक आर्टिस्ट में होनी चाहिए?

➤ रियाज़ और संवेदना।

➤ रियाज़ आपको तकनीकी रूप से परिपक्व बनाता है, लेकिन संवेदना आपके नृत्य में आत्मा भरती है। मेरे लिए कथक में ताल और लय जितना महत्वपूर्ण हैं, उतना ही महत्वपूर्ण है कि मेरे भाव दर्शकों के दिलों तक पहुंचे।

कथक आर्टिस्ट के रूप में अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर आपकी दो प्रस्तुतियां जो आपके लिए अविस्मरणीय हैं?

➤ मेरी पहली अंतर्राष्ट्रीय कथक प्रस्तुति चीन में हुई। भारतीय कलाकारों की एक टीम के साथ मुझे लगभग दो महीने तक वहां प्रस्तुतियां देने का अवसर मिला। मेरे लिए वह केवल विदेश में पहला प्रदर्शन नहीं था, बल्कि भारतीय कला और संस्कृति को एक अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का पहला बड़ा अनुभव था। वे दो महिने आज भी मेरी स्मृतियों में बहुत विशेष स्थान रखते है।

➤ दूसरी प्रस्तुति मेरे लिए एक सपने के साकार होने जैसी थी। मेरा वर्षों से सपना था कि मैं अमेरिका की धरती पर कथक प्रस्तुत करूं। यह सपना न्यूजर्सी, अमेरिका में मेरी पहली कथक प्रस्तुति के साथ पूरा हुआ।

जब मैंने वहां मंच पर घुंघरू बांधे, तो मेरे लिए वह सिर्फ एक परफॉर्मेंस नहीं थी—वह वर्षों की साधना और एक कलाकार के सपने का साकार होना था।

दो बातें जो अभिनय और एंकरिंग को एक कड़ी में पिरोती हैं?

➤ अभिव्यक्ति और ऑब्जर्वेशन।

➤ अभिनय आपको किसी चरित्र की भावनाओं को समझना सिखाता है, जबकि एंकरिंग आपको सामने बैठे व्यक्ति और दर्शकों की नब्ज़ समझना सिखाती है। दोनों में सबसे जरूरी है—सिर्फ बोलना नहीं बल्कि महसूस करके बोलना।

दो बातें जो आपको हिंदी भाषा में प्रिय हैं?

➤ हिंदी की आत्मीयता और उसकी अभिव्यक्ति की गहराई।

➤ मुझे हिंदी इसलिए प्रिय है क्योंकि इसमें भावों को बहुत सहजता से व्यक्त किया जा सकता है। इसके शब्दों में एक अपनापन है—जो बात खुद के दिल से निकलती है, हिंदी उसे सभी दिलों तक पहुंचाने की खूबसूरत क्षमता रखती है।

अपने फिल्मी करियर की ऐसी दो फिल्में जो आपको संतुष्टि देती हैं?

➤ मेरे लिए दो फिल्में विशेष रूप से संतोष और गर्व का कारण हैं—‘भूलन द मेज़’ और ‘चमन बहार’।

➤ ‘भूलन द मेज़’ इसलिए विशेष है क्योंकि यह छत्तीसगढ़ के ऐसे ग्रामीण परिवेश को बयां करती है जहां जितनी तत्परता से एक दूसरे की खुशियों को बांटा जाता है उतनी ही आत्मीयता और जुनून से एक दूसरे के दुखों को भी अपना समझा जाता है।निर्देशक श्री मनोज वर्मा जी के निर्देशन की इसी खूबी के कारण इस फिल्म को छत्तीसगढ़ की पहली राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म का गौरव प्राप्त हुआ। इस फिल्म का हिस्सा होना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी बहुत गौरव की बात है, क्योंकि इसने छत्तीसगढ़ की कहानी और सिनेमा को राष्ट्रीय पहचान दिलाई।

वहीं ‘चमन बहार’ ने एक बहुत ही साधारण परिस्थिति में जी रहे युवक के एक खास सपने को चुटीले अंदाज़ में परिभाषित किया निर्देशक अपूर्व धर बड़गइयां के निर्देशन की ये फिल्म आज भी नेटफ्लिक्स पर दर्शकों के द्वारा देखी जाने वाली पसंदीदा फिल्म है। इन दोनों फिल्मों ने मुझे सिनेमा के दो अलग-अलग रंगों को करीब से समझने का अवसर दिया।

दो संदेश जो अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्षरत युवा एंकरों को आप देना चाहेंगी?

➤ पहला—किसी दूसरे एंकर की आवाज़ बनने की कोशिश कभी मत कीजिए, अपनी आवाज़ की अलग पहचान बनाइए।

➤ दूसरा—कार्यक्रम के पूर्व की तैयारी को कभी नज़र अंदाज़ मत कीजिए।

कैमरा आपकी उपस्थिति को तात्कालिक रूप से दिखाता ज़रूर है, लेकिन आपकी दीर्घकालिक पहचान - आपकी भाषा, ज्ञान, तैयारी, विश्वसनीयता और व्यक्तित्व से बनती है।

दो शक्तियां जो हर महिला में होती हैं?

➤ सृजन की शक्ति और परिस्थितियों को बदल देने का साहस।

➤ महिला की शक्ति केवल उसकी दृढ़ता में नहीं, बल्कि इस बात में भी है कि वह कठिन परिस्थितियों में भी संवेदनशील बनी रह सकती है। वह जीवन को संभालने और नए जीवन की दिशा बनाने—दोनों की शक्ति रखती है।

दो बातें जो महिला सशक्तिकरण के लिए जरूरी हैं?

➤ शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता।

➤ शिक्षा महिला को अपने निर्णय लेने का विवेक देती है और आर्थिक आत्मनिर्भरता उन निर्णयों को स्वतंत्र रूप से जीने का आत्मविश्वास।

दो बातें जो आपको नाराज़ करती हैं?

➤ असंवेदनशीलता और अपने कहे गए शब्दों के प्रति ईमानदार न रहना।

➤ मुझे लगता है कि किसी व्यक्ति का वास्तविक व्यक्तित्व इस बात से सामने आता है कि वह दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करता है और अपने वचन को कितना महत्व देता है।

दो बातें जिनमें आप विश्वास करती हैं?

➤ ईमानदार मेहनत और ईश्वर।

➤ मेरा मानना है कि कर्म हमारे हाथ में है और परिणाम ईश्वर के हाथ में। इसलिए मैं परिणाम की चिंता से अधिक अपने कर्म की ईमानदारी पर विश्वास करती हूं।

दो बातें जो आप अपने आलोचकों से कहना चाहती हैं?

➤ मैं अपने आलोचकों का सम्मान करती हूं, क्योंकि प्रशंसा हमें खुशी देती है, लेकिन सही आलोचना हमें आत्ममंथन और सुधार का अवसर देती है।

➤ बस इतना कहना चाहूंगी—आलोचना ज़रूर कीजिए, लेकिन निष्पक्षता और सद्भावना के साथ। जो बात मुझे बेहतर बनने में मदद करेगी, मैं उसे हमेशा खुले मन से स्वीकार करूंगी।

अपने जीवन के दो निर्णय जिन पर आपको गर्व है?

➤ पहला—कला को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाए रखना।

➤ दूसरा—हर पड़ाव के साथ खुद को नया सीखने और बदलने के लिए तैयार रखना।

कथक ने मुझे अनुशासन दिया, अभिनय ने संवेदना, एंकरिंग ने संवाद और जनसम्पर्क ने लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचने की कला सिखाई। मुझे खुशी है कि मैंने इन सभी अनुभवों को अपनी यात्रा का हिस्सा बनने दिया।

दो जीवनमूल्य जो आपको अपने माता-पिता से मिले हैं?

➤ ईमानदारी और संस्कार।

➤ मेरे माता-पिता ने मुझे सिखाया कि जीवन में सफलता महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है कि सफलता हासिल करने के बाद भी आप अपने संस्कार और इंसानियत को बनाए रखें।

अपने जीवनसाथी राजेश जी के व्यक्तित्व की दो विशेषताएं जो उनको खास बनाती हैं?

➤ उनकी पहली विशेषता है—स्थिरता, और दूसरी—सहयोग की भावना।

➤ मेरे लिए जीवनसाथी का सबसे खूबसूरत गुण यह है कि वह आपके सपनों को केवल समझे नहीं, बल्कि उनका सम्मान भी करे। मेरे जीवन में यह सहयोग मेरे लिए बहुत मायने रखता है।

दो इच्छाएं जो अभी अधूरी हैं?

➤ पहली इच्छा है कि कथक और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक एवं जनजातीय संस्कृति को जोड़ते हुए एक ऐसा विशिष्ट सांस्कृतिक प्रोजेक्ट तैयार करूं, जिसे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच मिले।

➤ दूसरी इच्छा है कि अपने अनुभवों को आने वाली पीढ़ी के कलाकारों और एंकरों तक पहुंचाऊं—ताकि जो कुछ मैंने अपनी यात्रा में सीखा है, वह मेरे साथ समाप्त न हो, बल्कि आगे की पीढ़ी के भी काम आए।

छत्तीसगढ़ के दो पर्यटन स्थल जो आपको सर्वाधिक आकर्षित करते हैं?

➤ बस्तर और सिरपुर।

➤ बस्तर मुझे उसकी प्रकृति, जनजातीय संस्कृति, लोकजीवन और आत्मीयता के कारण आकर्षित करता है।

और सिरपुर इसलिए कि वहां इतिहास, आध्यात्मिकता, पुरातत्व और सांस्कृतिक वैभव एक साथ दिखाई देते हैं। मेरे लिए छत्तीसगढ़ की खूबसूरती यही है कि यहां पर्यटन केवल देखने की चीज नहीं है—यह महसूस करने का अनुभव है।

ऐसी दो हस्तियां जिन्हें आप अपनी सफलता का श्रेय देना चाहेंगी?

➤ माता पिता और गुरु, सबसे पहले मैं अपने माता-पिता को अपनी सफलता का श्रेय दूंगी। उन्होंने मुझे संस्कार, आत्मविश्वास और अपनी राह चुनने की स्वतंत्रता दी।

➤ दूसरे, मैं अपने जीवन के दो नृत्य गुरुओं श्रद्धेय डॉ पी डी आशीर्वादम और श्रद्धेय डॉ मांडवी सिंह जी सहित अपने नाट्य गुरुओं श्रद्धेय मिर्ज़ा मसूद जी,श्रद्धेय ज़लील रिज़वी जी,अपने पति,जुड़वा बेटियों,वरिष्ठों और सहयोगियों को श्रेय देना चाहूंगी जिन्होंने अलग-अलग पड़ावों पर मुझ पर विश्वास किया, अवसर दिए और मुझे बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया।

मेरे लिए सफलता कभी अकेले की उपलब्धि नहीं रही। यह उन सभी लोगों की सामूहिक देन है, जिन्होंने मेरी यात्रा में किसी न किसी रूप में मेरा हाथ थामा।

और अगर अपने जीवन को सिर्फ दो शब्दों में कहना हो?

➤ “अभिव्यक्ति और यात्रा।”

अभिव्यक्ति— क्योंकि कथक हो, अभिनय हो, एंकरिंग हो या जनसम्पर्क, मैंने हमेशा अपने भाव और विचारों को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की है।

➤ और यात्रा—क्योंकि मुझे लगता है कि ज़िंदगी की सबसे खूबसूरत बात मंज़िल नहीं, बल्कि सीखते हुए, बदलते हुए और अपने सपनों को साथ लेकर आगे बढ़ते रहने की यात्रा है।

मेरे घुंघरुओं से लेकर कैमरे तक, मंच से लेकर छत्तीसगढ़ के पर्यटन प्रसार तक—मेरी कहानी दरअसल एक ही है: अपनी मिट्टी से जुड़कर, अपनी पहचान के साथ, लगातार आगे बढ़ते रहने की।...

गुरबीर सिंह चावला

गुरबीर सिंह चावला

मीडिया उद्यमी और समूह संपादक

गुरबीर सिंह चावला एक प्रतिष्ठित संपादक और डिजिटल मीडिया रणनीतिकार हैं, जिन्हें आधुनिक व्यवसाय, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी परिदृश्यों में उच्च प्रभाव वाली कहानियां गढ़ने का एक दशक से अधिक का अनुभव है। इकोसिस्टम विश्लेषण, उभरते बाज़ार रुझानों और एंटरप्राइज़-स्तरीय कहानी कहने में विशेषज्ञता रखते हुए, गुरबीर ने अग्रणी डिजिटल प्रकाशनों के लिए संपादकीय दिशा का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है, जिससे व्यापक दर्शक जुड़ाव और उद्योग में निर्णायक प्रतिष्ठा दोनों हासिल हुई है। एक विश्लेषणात्मक फिर भी गहराई से सुलभ लेखन शैली के लिए पहचाने जाने वाले, वे जटिल बाज़ार बदलावों और तकनीकी विकासों को सहजता से आकर्षक, कार्रवाई योग्य अंतर्दृष्टि में बदल देते हैं। ब्रांड की आवाज़ को ऊंचा उठाने और आधिकारिक कंटेंट हब तैयार करने के सिद्ध ट्रैक रिकॉर्ड के साथ, गुरबीर आज की तेज़ रफ़्तार डिजिटल अर्थव्यवस्था में आगे बढ़ने वाले पेशेवरों के लिए विश्वसनीय, भविष्योन्मुखी पत्रकारिता प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।

गुरबीर सिंह चावला से और पढ़ें →